राष्ट्रीय दुग्ध दिवस विशेष : योगी सरकार में दूध उत्पादन का रिकॉर्ड, यूपी देश में नंबर वन
लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड कायम करते हुए देश में अपनी नंबर वन की स्थिति मजबूत की है। प्रदेश में पिछले आठ वर्षों के दौरान दुग्ध उत्पादन में करीब 40 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2016-17 में जहां प्रदेश में 277 लाख मीट्रिक टन दूध का उत्पादन होता था, वहीं वर्ष 2024-25 में यह बढ़कर 388 लाख मीट्रिक टन के पार पहुंच गया। देश के कुल दुग्ध उत्पादन में 16 फीसदी हिस्सेदारी के साथ उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे प्रमुख दुग्ध उत्पादक राज्य भी यूपी से पीछे हैं।
प्रदेश की यह उपलब्धि केवल दूध उत्पादन के आंकड़ों तक सीमित नहीं है। योगी सरकार में डेयरी क्षेत्र को ग्रामीण रोजगार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के स्वरोजगार और देशी गोवंश के संरक्षण से जोड़कर एक व्यापक आर्थिक मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। एक ओर ग्रामीण महिलाएं दुग्ध समितियों और महिला नेतृत्व वाली कंपनियों के जरिए दूध के संग्रह और कारोबार की कमान संभाल रही हैं, वहीं दूसरी ओर देशी गायों पर आधारित 150 से अधिक उत्पादों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूपी की पहचान बनाई है। गाजियाबाद के हेता (HETHA) मॉडल के जरिए एक हजार से अधिक देशी गायों पर आधारित करीब 10 करोड़ रुपये का सालाना एथिकल डेयरी कारोबार खड़ा हुआ है। इसके उत्पाद अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया समेत 10 से अधिक देशों तक पहुंच रहे हैं।
पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम के अनुसार दुग्ध उत्पादन में करीब 40 फीसदी की यह वृद्धि योजनाबद्ध विकास और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जमीनी स्तर पर किए गए ठोस प्रयासों का परिणाम है। सरकार की ओर से पशुपालन और डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
