1.42 करोड़ विद्यार्थियों ने किया संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और नागरिक कर्तव्यों से जोड़ने पर विशेष जोर दे रही है। इसी क्रम में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश के परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में विशेष आयोजन किए गए।

प्रदेश के 1.33 लाख परिषदीय विद्यालयों के 1.42 करोड़ विद्यार्थियों ने संविधान दिवस के कार्यक्रमों में सहभागिता की। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से संविधान निर्माण की गौरवशाली यात्रा, संविधान सभा के सदस्यों और उनके योगदान को जाना। इन आयोजनों के जरिए नई पीढ़ी को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक आदर्शों से परिचित कराया गया।

योगी सरकार की इस पहल से विद्यालयों में शिक्षा के साथ संवैधानिक चेतना और जिम्मेदार नागरिकता के विकास को प्रोत्साहन मिला। व्यापक स्तर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने नई पीढ़ी को संविधान के मूल्यों से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से समझे संवैधानिक आदर्श
विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। बच्चों को बताया गया कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला हैं। इन मूल्यों का सम्मान और उन्हें अपने व्यवहार में अपनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *