परीक्षा सुधार में यूपी मॉडल पारदर्शिता और जवाबदेही की मिसाल: मुख्यमंत्री

लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को केंद्र सरकार की हाई पावर्ड टास्क फोर्स (एचपीटीएफ) के अध्यक्ष नंदन नीलेकणि एवं सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उत्तर प्रदेश में पारदर्शी परीक्षाओं की कार्यप्रणाली और परीक्षा सुधारों से संबंधित जानकारी का अध्ययन करने आए टास्कफोर्स के साथ मुख्यमंत्री ने प्रदेश की भर्ती एवं परीक्षा प्रणाली में किए गए व्यापक सुधारों पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार की मंशा पहले ही दिन से साफ है। हमने उत्तर प्रदेश के युवाओं को शुचितापूर्ण व पारदर्शी परीक्षा के साथ निष्पक्ष नियुक्ति की प्रक्रिया सुनिश्चित की है। अब युवा उत्तर प्रदेश में परीक्षा व नौकरी को लेकर कहीं सिफारिश नहीं करता, बल्कि वह अपनी काबिलियत के बल पर नौकरी हासिल करता है। हमारा मानना है कि अच्छे लोगों का चयन अच्छे परिणाम लाता है। यदि अच्छे लोग आएंगे तो परिणाम भी सुखद होंगे और नए भारत के नए उत्तर प्रदेश को विकसित व आत्मनिर्भर बनाने में हमें सफलता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केवल परीक्षा आयोजन की व्यवस्थाओं को ही मजबूत नहीं किया गया है, बल्कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भी नियमित निगरानी रखी जाती है। इसके लिए संबंधित आयोगों और भर्ती बोर्डों के साथ पुलिस तंत्र भी सक्रिय रहता है। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा या भर्ती प्रक्रिया को लेकर भ्रामक सूचना प्रसारित करता है तो उससे संबंधित आरोपों के प्रमाण और दस्तावेज मांगे जाते हैं। यदि उसके पास प्रमाण उपलब्ध हैं तो सरकार नियमानुसार कार्रवाई करती है। वहीं, अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई की जाती है। इससे पूरी प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित होती है और अभ्यर्थियों का विश्वास बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *