संविधान दिवस विशेष: प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और बराबर अवसर का मिला अधिकार

लखनऊ
भारतीय संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और अवसर की समानता का अधिकार दिया है। संविधान की यही भावना तब साकार होती है, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवार का बच्चा भी शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को पूरा करने का अवसर पाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार इसी संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में लगातार काम कर रही है। छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा की राह आसान बना रही हैं। खास बात यह है कि इन योजनाओं से उन परिवारों के बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है, जिनकी पीढ़ियों में पहली बार कोई विद्यार्थी उच्च शिक्षा की दहलीज तक पहुंच रहा है। योगी सरकार में 4.85 करोड़ से अधिक सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ दिया गया।

छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के बजट में हुई उल्लेखनीय वृद्धि
योगी सरकार में पूर्वदशम् और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं का दायरा लगातार बढ़ा है। इन योजनाओं के माध्यम से अनुसूचित जाति, सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। छात्रों की संख्या बढ़ने के चलते योगी सरकार ने छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के बजट में भी वृद्धि की है।

1 दिन में 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में पहुंची सहायता
छात्रवृत्ति योजनाओं का व्यापक प्रभाव सरकार की ओर से किए जा रहे नियमित वितरण से भी स्पष्ट होता है। बीते 3 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि अंतरित की। इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग के 2,23,615 विद्यार्थियों को 60.01 करोड़ रुपये, अनुसूचित जाति के 1,59,959 विद्यार्थियों को 64.54 करोड़ रुपये, सामान्य वर्ग के 38,084 विद्यार्थियों को 11.43 करोड़ रुपये और अल्पसंख्यक वर्ग के 38,901 विद्यार्थियों को 12.06 करोड़ रुपये दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *