योगी सरकार की ओटीएस योजना को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन, अब तक 3 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त

लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को प्रदेशभर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। नगरीय निकायों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और करदाताओं को लंबित देयकों में राहत देने के उद्देश्य से संचालित इस योजना के तहत प्रदेश के सभी 762 नगरीय निकायों में अब तक 3,00,073 आवेदन प्राप्त हुए हैं। योजना के माध्यम से अब तक 154.48 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली की जा चुकी है। वहीं, पात्र लाभार्थियों को राहत देते हुए 235.14 करोड़ रुपये की धनराशि समायोजित की गई है।

योजना के तहत 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद एवं 545 नगर पंचायतों में लंबित गृहकर, जलकर एवं सीवरकर से संबंधित पात्र बकायेदारों को राहत प्रदान की जा रही है। ओटीएस योजना का उद्देश्य पुराने कर बकायों का सरल एवं व्यावहारिक निस्तारण, करदाताओं पर आर्थिक दबाव को कम करना तथा नगरीय निकायों की राजस्व वसूली को प्रभावी बनाना है। योजना 15 अगस्त 2026 से संचालित है और निस्तारण की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित है।

3 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त, 2.46 लाख स्वीकृत
ओटीएस योजना के अंतर्गत अब तक 3,00,073 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 2,46,374 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि 49,187 आवेदन प्रक्रिया में हैं तथा 3,000 आवेदन निरस्त हुए हैं। कुल प्राप्त आवेदनों में लगभग 82.10 प्रतिशत आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *